दून कप्तान पद से हटे अजय सिंह..प्रमेन्द्र डोबाल को बनाया गया देहरादून का नया कप्तान.. राजधानी में बढ़ते अपराधों के मद्देनज़र सरकार का एक्शन..
उत्तराखंड में 20 पुलिस अधिकारियों के तबादले, देहरादून के SSP बदले..
देहरादून। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है.. राजधानी दून में हाल के दिनों में बढ़ते जघन्य अपराधों के मद्देनज़र जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह का तबादला कर दिया गया है।
शुक्रवार को सचिव गृह शैलेश बगोली द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य पुलिस सेवा और भारतीय पुलिस सेवा के कुल 20 अधिकारियों के तबादले एवं नई तैनातियां की गई हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। शासन ने सभी अधिकारियों को शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं..
देहरादून और हरिद्वार में अहम बदलाव
जारी सूची के अनुसार हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है, वहीं देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को एसटीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। एसटीएफ में तैनात नवनीत सिंह को हरिद्वार का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
चम्पावत के पुलिस अधीक्षक अजय गणपति कुमार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Udham Singh Nagar बनाया गया है। वहीं उधमसिंहनगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है..
एसडीआरएफ, सतर्कता और सीबीसीआईडी में तैनाती
एसडीआरएफ में तैनात पुलिस उपमहानिरीक्षक श्रीमती निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ के पद पर तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय प्रहलाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय बनाया गया है..
अभिसूचना में तैनात प्रदीप कुमार राय को पुलिस अधीक्षक, सीबीसीआईडी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना देहरादून अमित श्रीवास्तव को सेनानायक, आईआरबी प्रथम रामनगर नियुक्त किया गया है..
पर्वतीय जिलों में भी बदलाव
रुद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे को Pithoragarh भेजा गया है, जबकि पिथौरागढ़ की पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव को चम्पावत का दायित्व सौंपा गया है..
बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर. घोडके को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Almora बनाया गया है। अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी, रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है..
उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात की पुलिस अधीक्षक श्रीमती निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। हरिद्वार में अपराध एवं यातायात के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार मेहरा को बागेश्वर भेजा गया है। हरिद्वार के पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी को उधमसिंहनगर में अपराध एवं यातायात का दायित्व सौंपा गया है, जबकि हरिद्वार की पुलिस अधीक्षक सुश्री निशा यादव को अपराध एवं यातायात, हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है..
सीआईडी में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर को कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल भेजा गया है। वहीं कोटद्वार के अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रमोहन सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना, देहरादून नियुक्त किया गया है..
सरकार द्वारा किया गया यह व्यापक फेरबदल प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि हालिया आपराधिक घटनाओं के बाद कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है..
