उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की तिथि घोषित, 21 फरवरी से 20 मार्च तक होगी दसवीं- बारहवीं की परीक्षाएं..
Oplus_16908288
उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित की जाने वाली हाई स्कूल (कक्षा 10) और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) की बोर्ड परीक्षाओं का इंतजार कर रहे लाखों छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी हैं। जारी की गई समय-सारणी के अनुसार, उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं 21 फरवरी 2026 से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगी..
इस वर्ष की परीक्षाओं में प्रदेश भर से 2 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे, जो अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए जी-जान से जुटे हुए हैं। परीक्षा की तारीखों की घोषणा के साथ ही परीक्षार्थियों के बीच तैयारी को लेकर एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। अब वे अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट जाएंगे। निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने बताया कि परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। प्रदेश भर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों को परीक्षा के दौरान शांतचित्त रहने और अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है..
